बलौदा बाजार कांड में गिरफ्तार लोगों को डॉ. शिव डहरिया ने बताया फ्रीडम फाइटर, मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा- यह स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान, जानिए क्या है मामला
कांग्रेस के पूर्व मंत्री और सतनामी समाज के वरिष्ठ नेता डॉ. शिव कुमार डहरिया ने बलौदा बाजार में संविधान रक्षा अभियान के तहत कांग्रेस भवन में आयोजित सभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाते हुए कवर्धा कांड और बलौदा बाजार हिंसा का जिक्र किया।
मीडिया को दिए अपने बयान में डॉ. डहरिया ने कहा कि इस पूरे मुद्दे को राजनीति में घसीटने का काम नहीं है सरकार जिस तरह से सतनामी समाज को प्रताड़ित कर रही है। आप कवर्धा के लोहारीडीह कांड में शामिल 40 लोगों को निरपराध बनाकर आप छोड़ रहे हैं और यहां जो लोग बंद हैं कमेटी बनाकर उसकी जांच की जाए कह रहे हैं तो 6- 6 महीने से बंद हैं उनके लिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही तो यह क्या है यह राजनीति ही हो रही है, भारतीय जनता पार्टी सतनामी समाज को और कांग्रेस पार्टी के लोगों को बदनाम करना चाहती है, इसलिए उन लोगों को प्रताड़ित कर रही है। क्योंकि सतनामी समाज के लोग हमेशा से कांग्रेस के साथ रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा में कांग्रेस को सपोर्ट की है सतनामी समाज के लोग इसलिए प्रताड़ित कर रहे हैं। जिस तरह देश की आजादी में कांग्रेसी लोग आंदोलन करते थे धरना प्रदर्शन करते थे तब उन पर गोली चलाई जाती थी जेल में बंद करके पीटा जाता था, वही काम आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमारे समाज के लोगों के साथ कर रही है। इतना ही नहीं डॉक्टर डहरिया ने आगे कहा कि आज हमने कहा है कि यह हमारे समाज के फ्रीडम फाइटर लोग होंगे। जब वे छूटेंगे तो सतनामी समाज के लोग और बहुत सारे लोग सम्मान करेंगे। इस दौरान डॉक्टर डहरिया ने बलौदा बाजार हिंसा में गिरफ्तार आंदोलनकारियों की जांच कराकर निर्दोष लोगों को रिहा किए जाने की पैरवी की।
डॉ. डहरिया के इस बयान पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत बताया। उन्होंने कहा, "जो लोग जेल में हैं, उन्हें फ्रीडम फाइटर बताना स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। यदि डॉ. डहरिया इस तरह के बयान दे रहे हैं, तो यह केवल राजनीतिक लाभ के लिए है। उन्हें इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।"
डॉ. डहरिया ने भाजपा सरकार पर सतनामी समाज के साथ भेदभावपूर्ण राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान की रक्षा के लिए जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार केवल सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है और समाज के मूलभूत मुद्दों को दरकिनार कर रही है।
डॉक्टर डहरिया संविधान रक्षा अभियान के कार्यक्रम के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए विभिन्न मुद्दों पर बात रखी। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
वहीं इस संबंध में जब मंत्री टंक राम वर्मा से उनका पक्ष लिया गया तो उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर शिव डहरिया ने बोला है तो मैं यह कहूंगा कि हमारे जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं उनका यह अपमान है। फ्रीडम फाइटर कहना और होना अलग बात है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन को कुर्बान कर दिया, जेलों में बंद रहे, कई प्रकार की तकलीफ को झेले, आजादी के लिए लड़े और देश को आजाद कराए वे फ्रीडम फाइटर हैं। जो 10 जून की घटना में शामिल लोग हैं उन्हें फ्रीडम फाइटर कहना यह जो हमारे फ्रीडम फाइटर है देश के उनका अपमान है और अपना राजनीतिक रोटी सेकने के लिए ऐसा अगर डॉक्टर शिव डहरिया कह रहे हैं तो यह गलत है इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए।
डॉ. डहरिया और मंत्री वर्मा के बयानों ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। जहां कांग्रेस इसे समाज के अधिकारों की लड़ाई बता रही है, वहीं भाजपा इसे केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश करार दे रही है।
टिप्पणियाँ