कांग्रेस किस षड्यंत्र का करेगी पर्दाफाश, कौन किसे बदनाम करने की रची साजिश
छत्तीसगढ़ प्रदेश की सत्ता से बाहर होने के बाद इन दिनों कांग्रेस आक्रामक नजर आरही है। प्रदेश में हो रहे तमाम मुद्दों पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हो या कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस नेता सभी बड़ी बेबाकी से भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार पर हमला कर रहे हैं। ऐसे ही अब एक बार फिर पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू और डॉक्टर शिव डहरिया ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। सरकार पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले में कांग्रेस द्वारा पर्दाफाश किए जाने तक काम करने की जानकारी दी।
सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान 10 जून 2024 को हुई आगजनी, हिंसा और तोड़फोड़ की घटना के मामले में बड़ी संख्या में कांग्रेसी और सतनामी पंथ के युवा गिरफ्तार किए गए हैं। जिन्हें प्रदेश के अलग अलग जेलों में बंद कर रखा गया है। जेल में बंद कांग्रेसियों और सतनामी समाज के लोगों से मिलने शनिवार को कांग्रेस की 6 सदस्यीय समिति बलौदा बाजार जेल पहुंची। यहां कांग्रेस समिति में शामिल पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू और डॉ शिव डहरिया ने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान बलौदा बाजार शहर, तहसील कार्यालय के साथ ही संयुक्त जिला कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के साथ हिंसा हुई थी। इस घटना में 240 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे, इसमें 99 मोटर साइकिल, कार, फायर ब्रिगेड सहित अन्य वाहन जल कर खाक हो गए थे। इस घटना पर पुलिस 13 एफआईआर दर्ज की है। जिसमें अब तक 184 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं इन 13 एफआईआर में से 12 एफआईआर में पुलिस ने 7000 हजार से अधिक पेज के चालान न्यायालय में पेश कर चुकी है।
इन मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए कांग्रेसियों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जानने के लिए कांग्रेस कमेटी ने समिति बनाई है। इसके सदस्य पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, डॉ. शिवकुमार डहरिया, छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ.प्रेमचंद जायसी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, कांग्रेस विधि विभाग के प्रदेश अध्यक्ष देवा देवांगन जिला अध्यक्ष हितेन्द्र ठाकुर हैं। इन्होंने शनिवार को बलौदा बाजार जेल में पहुंचकर जेल में बंद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात किया। बता दें कि बलौदा बाजार जेल में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र बंजारे, एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष सूर्यकांत वर्मा, पार्षद पंकज गोल्डी मरैया सहित अन्य बंद हैं। जिनसे मुलाकात के बाद पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी 5 सदस्यीय समिति गठित की है, जहां जहां भी जेल में कांग्रेस के कार्यकर्ता बंद हैं, उनसे मिलकर चर्चा कर रहे हैं। इनसे बात करने से यही स्पष्ट हो रहा है कि मंच पर भाजपा के लोग भी मौजूद थे, उनके द्वारा भड़काऊ भाषण दिया है, लेकिन इसके विपरित कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, गिरफ्तार लोगों से दबाव बनाया जा रहा है। पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने कहा कि भाजपा सरकार साजिश के तहत कांग्रेस और सतनामी समाज को बदनाम करने के लिए साजिश रची गई है। 15 मई की दरम्यानी रात जैतखाम काटने की घटना हुई सरकार भाजपा के ठेकेदार नेता के दूसरे राज्य से आए मजदूरों का जिनका इस घटना से कोई संबंध नहीं था उन्हें पकड़कर मामले को दबाने की कोशिश की गई, इसी का सीबीआई जांच की मांग सतनामी समाज कर रही थी, उनकी कोई गलती नहीं है। छोटी छोटी घटना पर सीबीआई जांच की घोषणा की जाती रही है, लेकिन गिरौदपुरी धाम में इतनी बड़ी घटना इतने बड़े सतनामी समाज के साथ हुई उसकी सीबीआई जांच होनी ही चाहिए थी, जिसे नहीं कराया गया। 10 जून को जो घटना हुई है वह सरकार और प्रशासन के इंटेलिजेंस का फेलियर है, जिसे सरकार कांग्रेस और सतनामी समाज पर षड्यंत्र रचकर थोपा जा रहा है। जबकि इसमें भाजपा, सतनाम सेना, छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कुछ लोग बाहरी राज्यों से भी आए थे, पलारी रेस्ट हाउस और बलौदा बाजार के होटलों में रुके थे, उनकी जांच पुलिस नहीं कर रही है, कांग्रेस और सतनामी समाज को बदनाम करने के लिए गिरफ्तार लोगों से कांग्रेस नेताओं का नाम लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। षड्यंत्र का पर्दाफाश होने तक कांग्रेस अपना काम करेगी।
#बलौदाबाजारहिंसा #बलौदाबाजारआगजनी #बलौदाबाजारतोड़फोड़ #संयुक्तजिलाकार्यालय
#बलौदाबाजार बलौदा बाजार #छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ #सतनामी #समाज सतनामी समाज #सतनामीपंथ सतनामी पंथ #गिरौदपुरी #अमरगुफा #न्यायिकजांचआयोग
टिप्पणियाँ