काम में मिली लापरवाही तो सीडीपीओ को हुई नोटिस जारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी का रुकेगा वेतन

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को समय- सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने पर पलारी विकासखंड के महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी नीरज ठाकुर को नोटिस जारी करने और विभगीय कार्य में रूचि नहीं लेने के कारण खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमेश वर्मा का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर सोनी ने जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे में लंबे समय से एक ही जगह पर रहकर भी काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पर कार्यवाही कर रहे हैं। इसी क्रम में पिछले दिनों भाटापारा नगर पालिका के सीएमओ अजय बहादुर और एक कर्मचारी को निलंबित करने की अनुशंसा की थी। साथ ही दो अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया था। इसी तरह से अब एक बार फिर काम में लापरवाही बरतने पर उन्होंने सख्त कदम उठाया है। 

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर दीपक सोनी ने 14 सितम्बर से शुरू हो रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान की तैयारी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने मैदानी अमलों के साथ कार्यालय और परिसर में श्रमदान कर साफ सफाई करें। उन्होंने गणेश पंडालों में भी स्वच्छता अभियान का संदेश बैनर लगवाने और जिंगल्स आदि चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और उच्च न्यायलय के द्वारा मूर्ति विसर्जन और डीजे के लिए दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सहकार से समृद्धि अंतर्गत सहकारी समितियों को विभिन्न विभागों के कार्यों में सहभागिता बढ़ाने के लिए सहकारिता और जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन अंतर्गत गांव -गांव में शुरू हो रहे नल- जल का संचालन, पेट्रोल पम्प, एलपीजी गैस एजेंसी आदि संचालन के लिए सहकारी समिति की भागीदारी सुनिश्चित करें। 

महानदी और शिवनाथ में बढ़ेगा जलस्तर 
बाढ़ से बचाव के लिए कोटवार करेंगे मुनादी 

कलेक्टर ने जिले में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए जल संसाधन विभाग से जानकारी ली। वर्तमान में हो रही बारिश के कारण मंगलवार को गंगरेल बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोडा गया है। इसी प्रकार शिवनाथ नदी में भी पानी छोड़ा गया है। तेज बारिश होने पर अगले 15 से 20 घण्टे में दोनों नदियों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो सकती है। इस पर कलेक्टर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन सहित अन्य तैयारी सुनिश्चित करने और सिमगा, भाटापारा, पलारी, कसडोल व बलौदाबाजार अनुभाग के बाढ़ प्रभावित गांव में कोटवारों से मुनादी कराकर लोगों को सतर्क करने के निर्देश दिए।

महाविद्यालयों में 14 सितम्बर तक प्रवेश

कलेक्टर ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में नव प्रवेशित विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि के लिए उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग को आपसी समन्वय करने कहा। उन्होंने महविद्यालयों में सत्र 2024-25 में नवीन प्रवेश के लिए निर्धारित तारीख 14 सितम्बर 2024 तक छात्रों को प्रवेश देने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

वकील बनने के लिए इस परीक्षा की नोटिफिकेशन हुई घोषित, जानिए तारीख

पुस्तकालयों की घटती संख्या और हम

छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी