शिक्षक की छेड़खानी से घबराई छात्राओं से मिलने कलेक्टर पहुंचे एकलव्य स्कूल सोनाखान, बच्चों को बताया यह की गई है व्यवस्था
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले कलेक्टर दीपक सोनी सपरिवार कसडोल विकासखंड के वीरभूमि सोनाखान स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में पहुंचकर बच्चों से मुलाकात कर हालचाल जाना. यहां कुछ दिन पहले एक शिक्षक द्वारा छात्राओं से छेड़खानी किए जाने से छात्र छात्राएं में घबराहट था. कलेक्टर सोनी ने बच्चों से मुलाकात कर उनका हौंसला बढ़ाते हुए पढ़ाई पर फोकस करने की बात कही. साथ ही नई व्यवस्था किए की जानकारी दी.
एकलव्य विद्यालय सोनाखान पहुंचे कलेक्टर ने बच्चों को खेल सामग्री भी प्रदान किए. खेल समाग्री मिलते ही बच्चों के चेहरे खिल उठे. कलेक्टर सोनी ने बच्चों से रूबरू होते हुए वन टू वन बात चीत कर उनके शंका का समाधान किए. कलेक्टर ने एकलव्य स्कूल में हुई छात्रा के साथ घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों को सख्त सजा देने की बात कही. उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है हम सब एक परिवार की तरह ही आप लोगों के साथ है. आप लोग पढ़ाई में फोकस करें यही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए. पढ़ाई ही सब कुछ है पढ़ाई करने से ही हम डॉक्टर, इंजीनियर या अन्य अधिकारी और सफल व्यवसायी बन सकते है. शिक्षक और छात्र एक सिक्के के दो पहलू हैं, दोनों के व्यवहार कुशल और मर्यादा के अनुरूप ही होने चाहिए. आप लोगों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हमने 2 अनुभवी शिक्षकों को प्रशासक के रूप में नियुक्त किए है. जिसमें हाई स्कूल मानाकोनी के प्राचार्य दीनू राम धृतलहरे और शासकीय स्कूल बलौदा की व्याख्याता बिराजो पैकरा की नियुक्ति की गई है. इसके साथ ही हम लोग आप लोगों के लिए खेल मैदान की भी व्यवस्था कर रहे हैं। बच्चों ने भी खेल मैदान की कमी, कंप्यूटर क्लास, कला, खेल एवं म्यूजिक के शिक्षक और नर्स नहीं होने की बात कलेक्टर को बताई. जिस पर कलेक्टर ने उक्त सभी शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था और संविदा नर्स की नियुक्ति करने के निर्देश दिए है.
कलेक्टर सोनी ने स्कूल और हॉस्टल के नोटिस बोर्ड में अधिकारियों के नाम, मोबाईल नंबर अंकित करने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए है. साथ ही मंडल संयोजक को कार्य में लापरवाही बरतने और ठीक से निरीक्षण नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसके साथ ही कलेक्टर ने अलग अलग शिक्षकों से, छात्र-छात्राओं से, सामाजिक प्रतिनिधियों और गांव के जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की.
कलेक्टर दीपक सोनी की पत्नी अदिति सोनी ने गर्ल्स हॉस्टल में जाकर सभी बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना. इस दौरान कलेक्टर की दोनों बेटियां भी उपस्थित रही. दोनों ने भी बच्चों के संग खेल खेले. खेल सामग्रियों में वॉलीबॉल, फुटबाल, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम बोर्ड, रस्सी कूद, क्रिकेट किट, पेटिंग सहित अन्य सामग्री शामिल रहा है. इस मौके पर एसडीएम रामरतन दुबे, तहसीलदार निवेश कुरेठी, थाना प्रभारी, सहायक आयुक्त लोकेश्वर पटेल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे.
स्कूल का माहौल हुआ था खराब
गौरतलब है कि विगत दिनों एकलव्य आवासीय विद्यालय सोनाखान में पदस्थ शिक्षक के द्वारा बच्चों के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी. जिससे स्कूल का माहौल प्रभावित हुआ है. इस घटना में शिकायतों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करते हुए शिक्षक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
टिप्पणियाँ