गुण्डाधूर और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए खिलाड़ियों से मंगाया गया आवेदन, देखिए अंतिम तारीख
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस 01 नवम्बर को दिए जाने वाले गुण्डाधूर सम्मान और महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए खिलाड़ियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि की घोषणा कर दी गई है।
खेल के क्षेत्र में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। गुण्डाधूर सम्मान के लिए चयनित खिलाड़ी को पुरस्कार राशि 1 लाख रुपए, अलंकरण फलक और प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान के लिए चयनित खिलाड़ी को पुरस्कार राशि के रूप में राशि 1 लाख रुपए, अलंकरण फलक और प्रशस्ती पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
गुण्डाधूर सम्मान एक खिलाड़ी या एक दल को दिया जाएगा। एक खिलाड़ी जिन्होंने वर्ष 2023-24 में ऐसे खेल जिन्हें भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण के लिए विचार क्षेत्र में लिया जाता है, के सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान ऐसे पात्र खिलाड़ी को दिए जाएंगे, जिन्होंने वर्ष 2023-24 में तीरंदाजी खेल की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप (सीनियर वर्ग) या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। तीरंदाजी के ऐसे पात्र उपलब्धि वाले खिलाड़ी नहीं मिलने की स्थिति में ऐसे खिलाड़ी के नाम पर विचार किया जा सकेगा, जिन्होंने भारत सरकार युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के खेल अलंकरण हेतु विचार क्षेत्र में लिया जाता है, के सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक या रजत पदक या कांस्य पदक प्राप्त किया हो या अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
खेल संचालक तनुजा सलाम ने बताया कि आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर है, खिलाड़ी विभागीय वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर जाकर नियम, पात्रता की विस्तृत जानकारी और फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म खेल संचालनालय एवम खेल विभाग के सभी जिला कार्यालय में भी उपलब्ध है।
टिप्पणियाँ