87 बच्चों का हो गया अपहरण, नहीं खोज पाई पुलिस तो एसपी ने जारी किया इनामी राशि, जानिए पूरा मामला
बच्चों के अपहरण के मामले में एक सनसनीखेज मामला सामने आई है। एक दो नहीं बल्कि 87 बच्चों के अपहरण होने की बात सामने आने से हड़कंप मच गया है। इतना ही नहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के सकुशल वापसी करने में योगदान करने वालों और सूचना देने वालों के लिए ईनामी राशि की घोषणा भी की है। अब देखने की बात होगी की बच्चे अपने मां बाप के पास मिल पाते हैं या ह्यूमन ट्रैफिकिंग और अन्य शोषण का शिकार हो जाते हैं। बहरहाल पुलिस को मसीहा का इंतजार है।
बलौदा बाजार-भाटापारा पुलिस अपहरण हुए बच्चों की खोजबीन और सकुशल बरामदगी के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की है। पुलिस द्वारा जारी उद्घोषणा में बताया गया है कि वर्ष 2023 और 2024 में जिले के विभिन्न थाना और चौकी में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस के आंकड़े बता रहे हैं कि कुल 87 अपहृत बालक-बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए की उद्घोषणा की गई है। इसमें जानकारी देने वाले को 3000 रुपए की राशि से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही अपहृत बालक-बालिकाओं के संबंध में जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अपहृत बच्चों में बालक के अलावा बालिकाएं भी शामिल हैं। जिनकी खोजबीन लगातार जारी है। इसके लिए जिले में पुलिस की विभिन्न टीमों का निर्माण कर, साइबर सेल की टेक्निकल टीम की सहायता से बच्चों के मिलने के हर संभावित पते पर लगातार दबिश देकर खोजबीन की जा रही है। जिनमें से अपहृत बच्चों की खोजबीन और पतासाजी के लिए हरसंभव प्रयास किया गया है। इसके बाद भी अपहृत बच्चों की अभी तक बरामदगी नहीं हो पाई है। इसके कारण पुलिस अधीक्षक जिला बलौदा बाजार-भाटापारा ने छत्तीसगढ़ पुलिस रेग्युलेशन के पैरा क्रमांक 80 में निहित प्रावधानों के तहत उद्घोषणा जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक जिले के विभिन्न थाना चौकी में वर्ष 2023 और 2024 में अपहृत बालक-बालिकाओं के संबंध में रिपोर्ट दर्ज हुआ है, जिसमें थाना गिधौरी में 04, थाना सिटी कोतवाली में 08, थाना राजादेवरी 03, थाना भाटापारा ग्रामीण में 17, थाना लवन 16, थाना गिधपुरी 04, थाना पलारी में 12, थाना सुहेला में 02, थाना कसडोल में 09, थाना सिमगा 07, थाना हथबंद मे 04 एवं थाना भाटापारा शहर में 01 कुल 87 बच्चों के अपहृत होने की रिपोर्ट पंजीबद्ध है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस नियंत्रण कक्ष बलौदा बाजार के मोबाइल नंबर 94791 90629 में संपर्क किया जा सकता है।
टिप्पणियाँ