कलेक्टर दीपक सोनी पहुंचे और डायरिया प्रभावित ग्राम करमदा, मेडिकल कैंप का लिया जायजा, अधिकारियों पर बरसे
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में डायरिया कहर बरपा रहा है। पहले पलारी विकासखंड के गांवों में और अब बलौदा बाजार विकासखंड के ग्राम करमदा में दूषित पानी पीने से 50 से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित मिले हैं। जिनका इलाज गांव के ही प्राथमिक शाला में मेडिकल कैंप लगाकर किया जा रहा है। मेडिकल कैंप में ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिले और उनका समय पर इलाज हो साथ ही दूषित पानी के उपचार और स्वच्छ पेयजल की सप्लाई की व्यवस्था की जाए इसका जायजा लेने कलेक्टर दीपक सोनी ग्राम करमदा मैं लगे मेडिकल कैंप में पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों से बात की साथ ही गांव की स्थिति को दिखा।
कलेक्टर दीपक सोनी रविवार को विकासखण्ड बलौदा बाजार के अंतर्गत डायरिया प्रभावित ग्राम करमदा पहुंचे। उन्होंने गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए मेडिकल कैंप में भर्ती मरीजों का जायजा लिया और डायरिया की स्थिति की जानकारी बीएमओ से ली। बीएमओ डॉ. अभिजीत बैनर्जी ने बताया कि अभी स्थिति नियंत्रण में है। वर्तमान में 11 मरीजों का ईलाज जारी है, जबकि 13 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। बेहतर ईलाज के 2 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कलेक्टर सोनी ने गांव में डायरिया को और फैलने से रोकने के लिए सभी नलकूपों में पानी की जांच कराने और पानी को उबालकर पीने के साथ ही ताजा भोजन का सेवन करने के सम्बन्ध में ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कैंप में जरुरी दवाइयों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता और मेडिकल स्टॉफ की संख्या बढ़ाकर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टॉफ सहित एम्बुलेंस कि भी तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने बीएमओ को गांव में रहकर स्थिति पर पूरी तरह निगरानी रखने और डायरिया को और न फैलने देने के सभी उपाय सुनिश्चित करने कहा।
गौरतलब है कि शुक्रवार की रात करमदा के कुछ ग्रामीणों को उल्टी -दस्त की शिकायत पर मेडिकल टीम ने तत्काल पहुंच कर जांच उपचार किया गया। जिसमें डायरिया प्रकरण होने पर वहां कैंप लगाकर मरीजों की भर्ती कर ईलाज किया जा रहा है। मरीजों के ठीक होने पर डिस्चार्ज किया जा रहा है।
बता दें कि मरीजों ने नल जल योजना से हो रही पानी सप्लाई को खराब बताया था। साथ ही मेडिकल टीम ने भी पीने के पानी में बैक्टीरिया पाया था। मरीजों की लगातार संख्या बढ़ने पर सभी बोर से पानी सप्लाई बंद कर गांव में पेयजल आपूर्ति टैंकर से की जा रही है।
बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने पेयजल की खराब व्यवस्था को लेकर पीएचई विभाग, जल सप्लाई के अधिकारियों की ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ठीक से इलाज नहीं करने पर जमकर नाराजगी व्यक्त करते हुए फटकार लगाई है। जिले में बार-बार डायरिया फैलने से कलेक्टर दीपक सोनी खासे नाराज दिखाई दिए। उन्होंने जल वितरण करने वाले विभाग के को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
टिप्पणियाँ