कहीं घरेलु कनेक्शन का व्यवसायिक उपयोग तो कहीं आटा चक्की और किराना दुकान में मिला सिलेंडर
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी चरम पर है। यहां गैस गोदामों से उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने की व्यवस्था होने के बाद भी सिलेंडर के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा है। कहने के लिए गैस सिलेंडर वितरण के लिए इंडेन कंपनी का गोदाम है, लेकिन प्रशासनिक नियंत्रण नहीं होने और इंडेन कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत होने के बाद भी व्यवस्था नहीं बदलने से उपभोक्ता परेशान हैं। यही वजह है कि यहां गैस सिलेंडर के कालाबाजारी का कारोबार फल फूल रहा है। सिलेंडर गैस एजेंसी से मिले न मिले, कालाबाजारी करने वाले किराना दुकान, आटा चक्की, चप्पल जूता दुकान से महंगे दामों में सिलेंडर मिल रहा है। यह खुलासा खाद्य विभाग की टीम द्वारा मारे गए छापा में देखने को मिला।
बलौदा बाजार में गैस के अवैध भंडारण, वितरण को लेकर कलेक्टर दीपक सोनी से पिछले दिनों शिकायत हुई थी। इस पर उन्होंने जिला खाद्य विभाग को घरेलु गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रूप से सिलेंडर का भंडारण और वितरण के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद टीम ने पहले बलौदा बाजार जिला मुख्यालय के नया बस स्टैंड स्थित अंजू किराना स्टोर और राज आटा चक्की से क्रमशः भरे हुए 6 नग जिसमें 4 नग गैस सिलेंडर इंडेन व 2 नग एचपी के मिले। इसी प्रकार राज आटा चक्की से 08 नग जिसमे 6 नग सिलेंडर इंडेन व 2 नग सिलेंडर एचपी के मिले, जिसे खाद्य विभाग की टीम ने जप्त कर मां बमलेश्वरी गैस एजेंसी बलौदा बाजार को सुपुर्द किया गया। जिसे द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन करने पर सभी 14 भरे हुए घरेलू गैस (14.2 Kg) को जप्त कर कार्यवाही की गई। इसी तरह से घरेलु और वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के अवैध भण्डारण पर कार्रवाई प्रभारी जिला खाद्य अधिकारी अमित शुक्ला के नेतृत्व में भाटापारा नगर के विभिन्न होटलों एवं भोजनालयों में छापा मारकर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए 12 नग घरेलु गैस सिलेंडर विभिन्न प्रतिष्ठानों से जब्त किया गया। इसमें भाटापारा बस स्टैंड स्थित दादाभाई बिरयानी सेंटर से 03 नग, बिलासपुर बिरयानी बस स्टैंड भाटापारा से 01 नग, शिफा बिरयानी से 01 नग, लेटेस्ट बिरयानी सेंटर से 01 नग व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए। वहीं रमन चमन होटल से 01 नग, हर्षद रेस्टोरेंट से 03 नग, सिंह होटल से 02 नग व्यावसायिक उपयोग करते पाए गए। सभी सिलेंडरों को जप्त कर बजरंग एचपी गैस एजेंसी भाटापारा को सुपुर्द किया गया।
टिप्पणियाँ