16 प्रजातियों के पशु-पक्षियों के नस्ल की होगी पहचान, 1 सितंबर से होगा सर्वे
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में पशुधन विकास विभाग द्वारा 16 प्रजातियों के पशु पक्षियों के नस्ल की पहचान के लिए जिला स्तरीय सर्वे 1 सितंबर से शुरू होगा। इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पशुधन विकास विभाग कार्यालय के सभागार किया गया।
दरअसल पशुधन विकास विभाग द्वारा 21 वीं पशु संगणना कार्य के लिए नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक और प्रगणकों के लिए प्रथम चरण में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पशुधन विकास विभाग कार्यालय के सभागार में किया गया। हालांकि पशुधन विकास विभाग के तरफ से प्रत्येक पांच वर्षों में पशुओं की गणना का कार्य किया जाता है। इसी तारतम्य में 21 वीं पशु संगणना का कार्य 1 सितम्बर 2024 से 31 दिसम्बर 2024 तक ऑनलाइन मोड में किया जाना है। बलौदा बाजार जिले में इसके लिए 83 प्रगणक और 18 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। जिनका जिला स्तर पर आईडी तैयार कर लिया गया है। मोबाईल एप्स के माध्यम से किए जाने वाली गणना के कार्य का अभ्यास करने के लिए विभागीय अधिकारियों का एक दिवसीय हैण्ड्स ऑनलाइन ट्रेनिंग जिला नोडल अधिकारी द्वारा दिया गया। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें डाॅ. नरेन्द्र सिंह के निर्देशन और मार्गदर्शन में 21 वीं पशु संगणना से संबंधित समस्त तैयारियां कर ली गई हैं। प्रथम चरण के प्रशिक्षण में जिला नोडल अधिकारी डाॅ. वंदना उपेन्द्र रात्रे द्वारा संगणना से संबंधित समस्त प्रपत्रों, परिभाषाओं, 16 विभिन्न प्रजातियों के पशु पक्षियों का नस्ल की पहचान के संबंध में तकनीकी परिभाषाओं इत्यादि के विषय में विस्तार से जानकारी दी। प्रगणकों द्वारा 01 सितम्बर से घर-घर जाकर संगणना कार्य संपादित किया जाएगा।
सर्वे के बाद भारत सरकार से जारी होगा पशु-पक्षियों का डेटा
संगणना कार्य पूर्ण होने के बाद भारत शासन द्वारा जिले के पशु-पक्षियों का डेटा जारी किया जाएगा, जो जिला और राज्य में पशुधन नीतियों के निर्धारण के लिए आवश्यक होता है। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवायें डाॅ. नरेन्द्र सिंह ने जिले के सभी पशुपालकों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में पशुधन विकास विभाग के गणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों को अपने पशु पक्षियों की जानकारी प्रदान कर आवश्यक सहयोग करने की अपील की है।
कलेक्टर ने बढ़ाया हौंसला, दिए निर्देश
कलेक्टर दीपक सोनी ने सर्वे करने वाली टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनका हौंसला बढ़ाया। साथ ही अच्छे से कार्य को निष्पादन करने के निर्देश पशुधन विभाग के अधिकारियों को दिए है।
टिप्पणियाँ